यूपी के सहारनपुर में जिला कारागार में गुरूवार को बंदी समेत दो की मौत से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जेल प्रशासन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि बंदी को आज सुबह अचानक हार्टअटैक आ गया जबकि दूसरा कारागार का सफाईकर्मी है जो लंबे समय से बीमार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार सोनू उर्फ रियाज पुत्र अंजार साल 2017 से जिला कारागार में बंद था। उस पर गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। गुरूवार सुबह वह अपने बैरक में ही था कि अचानक हार्ट अटैक की शिकायत हुई। जेल प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी और जिला कारागार में सफाई कर्मचारी नीलकमल पुत्र भजनलाल की भी गुरूवार को लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई। बताया गया कि वह मुजफ्फरनगर के गांधी कॉलोनी का रहने वाला था। वह साल 2015 से जिला कारागार में सफाईकर्मी के तौर पर तैनात था। जेल प्रशासन के अनुसार दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं परिजनों को सूचित कर दिया गया है।