आरओ ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया
मुंडाली में पंचायत चुनाव के लिए बीएमएम इंटर कॉलेज मऊखास पर बनाए गए मतगणना स्थल का रविवार को रजपुरा ब्लॉक के आरओ अनिल कुमार कंसल ने निरीक्षण किया। एडीओ पंचायत ओमकार नाथ दूबे ने बताया कि आरओ ने मतगणना स्थल का भौतिक निरीक्षण किया। मतपेटियां रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाये जाने वाले कमरों की जांच की।
हस्तिनापुर में 21 व मवाना में 9 मतदान केंद्र बने
बहसूमा में क्षेत्र में 26 अप्रैल को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए प्रशासन तैयारी में जुट गया है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि हस्तिनापुर ब्लॉक में 21 व मवाना में 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। क्षेत्र में 78 मतदेय स्थल व 30 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। क्षेत्र के गांव करीमपुर, अकबरपुर सादात, सैफपुर फिरोजपुर, मोड खुर्द, अस्सा, झुनझुनी को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा तीन संवेदनशील और 8 गांव सामान्य में रखे गए हैं।
रविवार को भी खुला ब्लॉक मुख्यालय
सरूरपुर में छुट्टी होने के बावजूद रविवार को भी ब्लॉक मुख्यालय से नामांकन पत्रों की बिक्री का काम जारी रहा। इस दौरान आरक्षित प्रधान पद के लिए छह नामांकन पत्र बिके। अनारक्षित प्रधान पद के लिए केवल दो नामांकन पत्र खरीदे गए। एडीओ पंचायत अमित कुमार ने बताया कि अधिकारियों के ब्लॉक मुख्यालय खोलने के आदेश के बाद नामांकन पत्रों की बिक्री का काम किया गया।