मेरठ। आबूलेन पर गुंडई मचाते हुए कार सवार कारोबारी पर हमला कर तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं सकी है। अब पुलिस कोर्ट से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट लेने की तैयारी में है। तब भी आरोपी पकड़ में नहीं आए तो कोर्ट से कुर्की वारंट लेने का प्रयास करेंगी।
अभी तक इस मामले में सदर बाजार पुलिस छह आरोपियों में से चार मुकुल त्यागी, ध्रुव राणा, दक्ष चौधरी और आदित्य लूथरा को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं इनके दो साथियों तुषार शेखरात और नमन की पुलिस तलाश में लगी है।
गंगानगर निवासी एक कारोबारी 9 दिसंबर को अपनी बिजनेस पार्टनर के साथ साकेत से आबूलेन स्थित अपने रेस्टोरेंट जा रहा था। दयानंद अस्पताल के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनकी कार रोककर मारपीट का प्रयास किया। थोड़ी दूरी पर निशात सिनेमा के पास इनके अन्य साथियों ने कार रुकवाने की कोशिश की थी। कारोबारी ने कार नहीं रोकी तो एक युवक बोनट पर चढ़ गया और आगे का शीशा तोड़ दिया था। आरोपियों ने साइड मिरर भी तोड़ा और गाली-गलौज करते हुए पीछे का शीशा ईंट मारकर चकनाचूर कर दिया था। बाद में आरोपी धमकी देकर भाग गए थे। कारोबारी की ओर से सदर बाजार थाना पुलिस ने छेड़छाड़, तोड़फोड, मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की।
बाद में जांच के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा भी बढ़ाई थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। कोर्ट से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट लेने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है।