संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे में नामी कंपनियों के टैग लगाकर फर्जी बेडशीट तैयार करने के संगठित कारोबार पर अब सरकारी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। प्रकरण में आरोपियों के ठिकानों पर जीएसटी विभाग की टीम के पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। संभावित जांच की भनक लगते ही कपड़ा कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
चार दिन पहले एसओजी टीम ने कस्बे के विभिन्न मोहल्लों की संकरी गलियों में छापा मारकर फर्जी ब्रांड के टैग लगी बेडशीट का भारी माल बरामद किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 70 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया था। छापे में तीन गोदाम संचालकों और कई मजदूरों को हिरासत में लिया था।
इस प्रकरण में सरधना व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जैन ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जीएसटी विभाग से जांच कराने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद से ही जीएसटी टीम की संभावित कार्रवाई को लेकर कपड़ा कारोबारियों की बेचैनी बढ़ी हुई है।