- जिला पंचायत की ओर से लगाया जाएगा मेला, नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जिला प्रशासन ने नौंचदी मेले की तैयारी शुरू कर दी है। नौचंदी मैदान में पटेल मंडप, सड़क, शौचालय, दुकान आदि का जीर्णोद्धार करने की रणनीति तैयार की गई है। भव्य मेले की तैयारियों के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें डीएम ने जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मेला मैदान में तेजी से निर्माण कार्य शुरू कराएं।
नौचंदी मेले का उद्घाटन होली के दूसरे रविवार को होता है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष नौचंदी मेले का आयोजन जिला पंचायत की ओर से कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले संबंधी सभी समितियों के नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। मैदान में जो भी निर्माण कार्य होने हैं, उनके प्रस्ताव तैयार करके टेंडर निकाले जाएं। मेला स्थल का भ्रमण कर सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, पानी का छिडकाव, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, पटेल मंडप का सौन्दर्यीकरण, दुकान आवंटन आदि कार्य समय से कराए जाएं।
बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी वीएस कुशवाहा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, मुख्य कोषाधिकारी वरूण खरे आदि मुख्य अधिकारी रहे।