हस्तिनापुर पहुंचने लगे पदाधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। ऐतिहासिक नगरी में विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति एवं प्रन्यासी मंडल की पांच दिवसीय बैठक के आयोजन की तैयारी जंबूद्वीप प्रांगण में शुरु हो गई है। इसके लिए देश के कोने-कोने से पदाधिकारी पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों को संभाल रहे हैं। इस बैठक में विहिप के देश-विदेश के पदाधिकारी भाग लेंगे।
शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे प्रांत प्रचार प्रमुख ललित जोशी ने बताया कि बैठक में परिषद द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों व आगामी योजनाओं के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी। पदाधिकारियों द्वारा कई मुद्दों पर गहन चिंतन किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य बनाने व बैठक में पहुंचने वाले सभी पदाधिकारियों के आवास, जल, भोजन व्यवस्था की तैयारी में मेरठ प्रांत के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को लगाया गया है।
जोशी ने बताया कि 70 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत से देशभर के संगठन की दृष्टि से बने सभी 45 प्रांतों से विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी व मातृशक्ति से जुड़े लगभग 400 केंद्रीय, प्रांतीय व क्षेत्रीय पदाधिकारी भाग लेंगे। 20 दिसंबर को पुनः केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में स्वरोजगार, स्वावलंबन, समरसता, गौरक्षा, धर्मांतरण पर रोक, जनसंख्या असंतुलन, महिला सशक्तीकरण, कुटुंब प्रबोधन, हिंदू जीवन मूल्यों पर निरंतर होते आघातों सहित अनेक ज्वलनशील मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। इस मौके पर मधुबन आर्य, अनूप, सुधाकर आदि रहे।