मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव कुराली के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई
बागपत में पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल पत्नी को लेने जा रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द (मेरठ)। मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव कुराली के पास शुक्रवार की सुबह सैन्य कर्मी राहुल कुमार (32) कार से अपना नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे पेड़ से टकराकर सैन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सैन्य कर्मी पुलिस लाइन बागपत में तैनात अपनी पत्नी को लेने जा रहा था।
जिला बुलंदशहर के कस्बा खुर्जा के गांव पूठरी खुर्द निवासी राहुल कुमार पुत्र जगबीर सिंह बीकानेर राजस्थान में तैनात था। एक दिसंबर को राहुल छुट्टी पर अपने घर आया था। राहुल की पत्नी प्रीति बागपत पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल है। शुक्रवार सुबह कार से अपनी पत्नी प्रीति को घर लाने के लिए राहुल चला था। बताया गया कि मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव कुराली के पास अचानक सामने से आए एक वाहन को बचाने के चक्कर में राहुल कार से अपना नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलट गई। दुर्घटना में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने कार में फंसे राहुल को बाहर निकालने का प्रयास किया। क्षतिग्रस्त कार से ग्रामीण राहुल को बाहर नहीं निकाल पाए। स्थानीय पुलिस भी दुर्घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के काफी देर बाद कार को काटकर राहुल को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने राहुल के मोबाइल से कॉल कर दुर्घटना की जानकारी उसकी पत्नी और अन्य परिजनों को दी। हादसे की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। दुर्घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाकर मार्ग पर यातायात सामान्य करवाया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा हाेनहार था राहुल
सेना में तैनात सैन्य कर्मी राहुल एक वर्ष से बीकानेर में तैनात था। पिता जगवीर के दो बेटों में बड़ा बेटा कौटिल्य बीकानेर में ही सिविल का काम करता है। राहुल की पत्नी प्रीति हेड कांस्टेबल पद पर बागपत पुलिस लाइन में तैनात है। राहुल की दस वर्षीय बेटी युक्ति व पांच वर्षीय कीर्ति है। पिता जगवीर सिंह ने बताया कि राहुल बड़ा होनहार था। वह एक दिसंबर को छुट्टी पर घर आया था। वह पत्नी प्रीति को लेने बागपत जा रहा था लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। बचपन से ही वह सेना में काम करने की बात कहता था।
मृतक जवान का फाइल फोटो