परीक्षा का तनाव कम करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा किए जाने वाले संवाद के मद्देनजर स्कूलों में टीवी लगाए जाएंगे। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश ने बताया कि कक्षा छह से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं से परीक्षा के तनाव कम करने के विषय में 16 फरवरी को सुबह 11 बजे से 12 बजे तक प्रधानमंत्री संवाद करेंगे। इसका लाइव प्रसारण दूरदर्शन आदि चैनलों पर किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी प्रधानाचार्य टीवी की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। जो विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं, वे अपने आवास पर इसे देखें। इसके अलावा यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन विद्यालयों में इंटरनेट की व्यवस्था है, उनमें इंटरनेट के माध्यम से भी कार्यक्रम देखें।
गन्ना मिलों पर धरना देंगे सपाई: राजपाल सिंह
मेरठ। सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों को गन्ने का भुगतान 14 दिन के अंदर करने की घोषणा की थी। लेकिन अभी भी जनपद की किनौनी, मवाना, नंगलामल सहित 14 चीनी मिलों पर किसानों का हजारों, करोड़ों रुपये बकाया है। उन्होंने इस संबंध में विज्ञप्ति जारी की है। इसमें यह भी कहा कि गन्ना किसानों की दशा आलू किसानों की तरह होने जा रही है। इसके लिए भाजपा सरकार दोषी है। अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो सपाई गन्ना मिलों पर धरना देंगे।