बुध बाजार मोहल्ले में तीन, तारनी स्ट्रीट और तगायान में दो दिन से आपूर्ति बाधित होने पर फूटा गुस्सा
-परेशान लोगों ने विधायक से की शिकायत
-अफसरों पर फोन रिसीव नहीं करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। बिजली संकट लगातार गहरा रहा है। कई जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। कस्बे में तारनी स्ट्रीट समेत कई मोहल्लों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और बाद में नगर पालिका सभागार में पहुंचे अधिकारियों का घेराव कर लिया।
भीषण गर्मी के बीच कस्बे के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। बुध बाजार मोहल्ले में तीन दिन से लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है, जबकि वर्धमान फीडर से जुड़े तारनी स्ट्रीट और तगायान मोहल्ले में भी दो दिन से आपूर्ति बाधित है। मंडी चमारान और बिनौली सड़क क्षेत्र के लोग भी लगातार कटौती से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर भी विभागीय अधिकारी फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं।
लंबे समय तक बिजली नहीं आने पर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने विधायक अतुल प्रधान को समस्या से अवगत कराया। एक्सईएन एक्सईएन दुर्गेश जायसवाल एसडीओ रोकी कुमार ने स्थानीय लोगों को जल्द समाधान का आश्वासन देकर शांत किया। इस दौरान शाहवेज अंसारी, विजय पाल कश्यप, नमन जैन, ललित गुर्जर, राहुल त्यागी, मनीष जैन, अभिषेक जैन, अक्षत जैन, पारू जैन, शाहिद मलिक, सलीम अंसारी, मोहसिन अंसारी अलीम कुरैशी आदि मौजूद रहे।