संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पैरा तीरंदाज स्वाति चौधरी ने अक्तूबर में होने वाले पैरा एशियन गेम्स में डब्लू-वन श्रेणी में क्वालिफाई कर लिया है। उनकी तीन साल की मेहनत रंग लाई और अब वह देश का नाम रोशन करने को तैयार हैं। स्वाति ने अप्रैल में थाईलैंड में हुई वर्ल्ड पैरा तीरंदाजी सीरीज में डब्लू-1 श्रेणी में रजत पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया और पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया।
स्वाति चौधरी मूलरूप से मोदीनगर की रहने वाली हैं और उनकी शादी यहां मेरठ में पंचवटी काॅलोनी जयदेवी नगर में हुई हैं। वह पिछले तीन वर्ष से पैरा तीरंदाजी कर रही हैं। बीत वर्ष में उन्होंने पैरा नेशनल चैंपियनशिप में भी पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया। अब उन्होंने पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाइंग स्कोर 470 को पार कर 500 प्लस स्कोर लेकर सीधे क्वालिफाई किया है। वह सत्यदेव और विवेक चिकारा से तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रही हैं।
पैरा एशियन गेम्स में इस श्रेणी में प्रतिभाग करने वाली वह पहली महिला खिलाड़ी होंगी। थाईलैंड में हुई वर्ल्ड पैरा तीरंदाजी सीरीज में फाइनल मुकाबले में उन्हें पांच अंक से हार मिली और उन्होंने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के आधार और उनके अंकों के आधार पर ही उनका चयन पैरा एशियन गेम्स और जून में होने वाली वर्ल्ड पैरा चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। इस मौके पर उनके परिजनों ने भी उन्हें बधाई दी।