- अवर अभियंता ने दो युवकों के खिलाफ दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव में बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। अवर अभियंता ने थाने में तहरीर देकर दो युवकों पर कर्मचारियों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
अवर अभियंता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि 17 अगस्त की दोपहर ऊर्जा निगम की टीम बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच और विच्छेदन के लिए खिर्वा जलालपुर पहुंची थी। टीम में लाइनमैन दुष्यंत कुमार, इरशाद और रवि कुमार शामिल थे। टीम ने अब्दुल हमीद के परिसर में दर्ज कनेक्शन की जांच की तो करीब 1.67 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया मिला। निगम की टीम ने बकाया जमा न होने पर कनेक्शन काटने का प्रयास किया। आरोप है कि अब्दुल हमीद के पुत्र दीन मोहम्मद उर्फ दीनू और जान मोहम्मद उर्फ जानू ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर दी।
तहरीर में आरोप लगाया कि विरोध करने पर दोनों ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। समझाने का प्रयास करने पर आरोपियों ने कनेक्शन काटने पर जान से मारने और चार दिन बाद बोरी में शव बांधने की धमकी भी दी। टीम किसी तरह मौके से लौट आई।
क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।