पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मवाना रोड पर कमिश्नर आवास चौराहे से यशोदा कुंज तक सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण का कार्य अधूरा है, इसके कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पीडब्ल्यूडी द्वारा नाला निर्माण का कार्य तो शुरू कर दिया गया है। लेकिन सड़कों पर बने अनगिनत गड्ढों को भरने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस लापरवाही का खामियाजा आम जनता के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भुगतना पड़ रहा है।
अधूरा निर्माण और उपेक्षित सड़कें पीडब्ल्यूडी द्वारा मवाना रोड पर सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर बनाने का कार्य चल रहा है। हालांकि निर्माण कार्य की गति धीमी है और कई जगहों पर ये अधूरा है। मवाना रोड पर गंगानगर स्थित सिंचाई विभाग के सामने तो स्थिति और भी गंभीर है, जहां सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहनों का आवागमन दूभर हो गया है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
कांवड़ यात्रा का दौर चल रहा है और इसी मार्ग से काफी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार की ओर जा रहे हैं। मवाना रोड इस मार्ग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। श्रद्धालु के वाहन इन गड्ढों से गुजरने के लिए मजबूर हैं, जिससे न केवल उनकी यात्रा कष्टदायक हो रही है, बल्कि वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। गड्ढों के कारण वाहनों की गति धीमी हो जाती है, जिससे यातायात जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह का कहना कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़कों के गड्ढे भरने का कार्य कराया था। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।