फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: पुलिस अधिकारी बनकर व्यापारी से चेन और हीरे की अंगूठी लूटी

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। सदर नया बाजार हनुमान मंदिर के पास बदमाशों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर व्यापारी अजय जैन से सोने की चेन, लाकेट और हीरे की अंगूठी लूट ली। सरेशाम हुई वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। बदमाश सीसीटीवी कैमरों में नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन


सदर गंज बाजार के रहने वाले अजय जैन की सदर बाजार मंडी में गेहूं की आढ़त है। वह बुधवार शाम साढ़े चार बजे अपने दोस्त सचिन गुप्ता के साथ सदर कबाड़ी बाजार की ओर से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर दो बदमाश आए। एक बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि दूसरा बदमाश अजय जैन के पास आया और बोला आगे चेकिंग चल रही है, साहब बुला रहे हैं। बाकायदा पुलिस का आईकार्ड भी बदमाशों ने दिखाया। वह बाइक पर बैठे बदमाश के पास पहुंचे तो उसने कहा कि माहौल खराब चल रहा है। अपनी सोने की चेन, लॉकेट और हीरे की अंगूठी उतारकर रख दो। अजय जैन ने अपनी चेन, अंगूठी उतारकर बाइक पर बैठे बदमाश को दे दी। एक पुड़िया में चेन और अंगूठी बदमाशों ने रख दी। इसके बाद बदमाशाें ने पुड़िया लौटा दी और फरार हो गए। अजय जैन ने पुड़िया खोलकर देखी तो उसमें मिट्टी निकली।
सदर बाजार पुलिस ने कई दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कीं। इनमें आरोपियों के चेहरे ठीक से नहीं दिख रहे हैं। पूर्व पार्षद अजय जैन ने कहा कि यदि घटना का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन






पहले भी हुईं कई वारदातें, खुलासा नहीं
सदर शिव चौक पर मंदिर में हाल ही में हुई चोरी का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी। बेगमपुल पर सेनेट्ररी की दुकान पर बदमाश वारदात कर चुके हैं। यह भी घटना विवेचनाधीन है।



सावधान! आप किसी की बातों पर न आएं



सावधान! शहर में एक ऐसा गैंग सक्रिय हो गया है जो खुद को पुलिस अधिकारी बताकर सोने-चांदी के जेवरात उतरवाकर वारदात को अंजाम दे रहा है। आप भी इन बदमाशों के निशाने पर आ सकते हैं। ऐसे में इस गैंग के बदमाशों से सचेत रहने की आवश्यकता है। जिस तरह से अजय जैन के साथ वारदात को अंजाम दिया गया, इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




लूट की घटनाएं, इनके नहीं हुए अब तक खुलासे



11 नवंबर को देहली गेट थाना क्षेत्र के थापरनगर मोड़ पर स्कूटी सवार बदमाशों ने टीपीनगर के मलियाना शक्ति नगर निवासी सुनीता से कुंडल लूटे।

8 नवंबर को सदर बाजार थाना क्षेत्र में शिव चौक के पास रजबन बड़ा बाजार निवासी रोडवेज कर्मचारी यशोदा देवी से स्कूटी सवार बदमाश ने सोने की बाली लूटी।



25 अक्तूबर को गंगानगर में दूधिया से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट करते हुए पांच हजार की नकदी और मोबाइल लूटा।

18 अक्तूबर को भावनपुर थाना के गांव पंचगांव पटटी अमर सिंह निवासी हर्ष जाटव से बदमाशों ने सिर मे तमंचे की बट मारकर उससे आठ हजार की नकदी और मोबाइल लूटा।



16 अक्तूबर को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने पोंटी चड्ढा ग्रुप के कलेक्शन एजेंट अंकुर सोम से तमंचे के बल पर 2.95 लाख की नकदी लूटी।

9 अक्तूबर टीपीनगर थाना क्षेत्र के सुशांत सिटी सेक्टर पांच में डिलीवरी बॉय ब्रह्मपुरी निवासी कृष्ण से दो बदमाशों ने गन पाॅइंट पर स्कूटी और मोबाइल लूटा।



4 अक्तूबर को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड स्थित तीन बदमाशों ने दुकान पर बैठे व्यापारी दिशान को तमंचों के बल पर लेकर 35 हजार की नकदी और मोबाइल लूटा।




इन्होंने कहा...



सदर बाजार पुलिस को कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बदमाशों की बातों में न आएं, अन्यथा किसी के साथ भी ऐसा गैंग लूट की घटना को अंजाम दे सकता है। पुलिस की टीम बनाकर इस गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - डाॅ. विपिन ताडा, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें