संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले यह कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।
जिला प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी सरधना को जारी निर्देशों में कहा गया है कि पंचायत चुनाव निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों की स्थापना, निर्धारण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्धारण किया जाएगा। इसके तहत मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति, मतदाताओं की संख्या और पहुंच की सुविधा को ध्यान में रखते हुए युक्तिकरण किया जा रहा है, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले सभी मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों का युक्तिकरण पूरा किया जाना आवश्यक है। इसके लिए तहसील स्तर के सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया है।
तहसीलदार ज्योति सिंह ने कहा है कि पंचायत चुनाव की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।