शाह जमाल में प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का स्वागत करते पार्टी के कार्य करता
किठौर/मेरठ। किठौर के शाहजमाल गांव में आयोजित जनसभा में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने राजनीतिक दलों पर अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव और उन्हें वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन उनकी सभाओं को अनुमति नहीं दे रहा। यह उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराहट का संकेत है।
एक फार्म हाउस में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शौकत अली ने कहा कि आजादी के बाद से मुस्लिम समुदाय को समानता का व्यवहार नहीं मिला है। कांग्रेस, बसपा और सपा जैसी पार्टियों ने वोट लिया लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि घरों पर बुलडोजर चलाए गए लेकिन पार्टियां चुप रहीं। एआईएमआईएम का लक्ष्य सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि इंसाफ दिलाना है। पार्टी ने सच्चर कमेटी और रंगनाथ मिश्र कमीशन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय आज दलितों से भी बदतर स्थिति में है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उनके उम्मीदवार भाजपा के दफ्तर से भेजे जाते हैं। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर के ओवैसी पर दिए बयान की भी निंदा की।
पार्टी के युवा अध्यक्ष पश्चिम उत्तर प्रदेश एहतेशाम मंसूरी ने कहा कि किसी भी पार्टी ने मुसलमानों के साथ समानता की बात नहीं की। महताब चौहान ने जोर देकर कहा कि एआईएमआईएम सभी समाजों को जोड़ने का काम कर रही है। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष फईम एडवोकेट, विधानसभा अध्यक्ष किठौर महानगर मौलाना आदिल, इमरान अंसारी आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने एक कार सीज की, छह बाइक के चालान किए
जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष के काफिले के साथ जाने के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और इससे मार्ग बाधित होने पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं की कार सीज की और बाइक के चालान किए। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक कार सीज की गई है और छह बाइक के चालान किए गए हैं। शौकत अली ने कहा कि हमारे काफिले के साथ आ रही गाड़ियों को पुलिस ने रोककर बेवजह परेशान किया है। इस संबंध में हमारे महानगर अध्यक्ष मेरठ इमरान अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल एसपी यातायात से मुलाकात करेगा। यदि वाहन रिलीज नहीं किए जाते तो आरटीओ ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।