पुलिसकर्मियों पर सबूत मिटाने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए एडीजी कार्यालय में शिकायत करने पहुंचे
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत और थाने में अभद्रता का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र में ईंटों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। थाने में उनके साथ अभद्रता करते हुए हवालात में बंद करने की धमकी दी गई। पीड़ितों ने एडीजी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किठौर थाना के गांव इंद्रपुरा निवासी दीपक ने एडीजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका भतीजा प्रियांशु (18) आठ अप्रैल को मेरठ से बाइक पर घर लौट रहा था। भावनपुर थाना क्षेत्र में काली नदी के पास सामने से तेज गति से आई ईंटों की ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रॉली के पहिए से उसके दोनों पैर कुचले गए। ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान 16 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली थी।
परिवार जब रिपोर्ट दर्ज कराने भावनपुर थाने पहुंचा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां नहीं थी। उन्होंने थाने के मुंशी राहुल से ट्रैक्टर-ट्रॉली के बारे में पूछा तो आरोप है कि उसने पीड़ित परिजनों के साथ अभद्रता की। हड़काते हुए हवालात में बंद करने की धमकी देते हुए भगा दिया। पीड़ित परिजनों ने मामले की जांच कराते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कराने और थाने के मुंशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।