- शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक दोनों ओर रोक दिए गए भारी वाहन
विज्ञापन
- नूरनगर पुलिया के पास यूनिपोल गिरने से निर्माण कार्य से भी लगा जाम संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। बिजली बंबा बाईपास पर सड़क निर्माण के कारण शनिवार को पांच किमी. भीषण जाम लग गया। इसके चलते यातायात पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि इसके बाद भी जाम के हालात बने रहे। नूरनगर पर विद्युत विभाग द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसके चलते नूरनगर के पास भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। बिजली बंबा बाईपास पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इससे लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी। यहां चार यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए, वह भी जाम खुलवाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुए। लोग पूरे दिन भीषण जाम का सामना करते रहे। शाम को पांच बजे से लेकर रात को 11 बजे तक रूट डायवर्ट भी करना पड़ा। इसके बाद भी लोगों को अधिक राहत नहीं मिली। यातायात प्रभारी विनय शाही ने बताया कि बिजली बंबा बाईपास पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। दोनों तरफ से सड़क खुदी हुई है। इसके चलते एक तरफ शॉप्रिक्स मॉल तो दूसरी तरफ खरखौदा से आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है।
यातायात प्रभारी ने बताया कि नूरनगर पुलिया पर यूनिपोल टूटने के कारण बिजली गुल हुई है, जिसके चलते वहां पर विद्युत विभाग की टीम काम कर रही है। सभी प्वाइंटों पर यातायात पुलिस जाम खुलवाने के लिए लगाई गई है। अभी यह कार्य कई दिन और चलेगा, जिसके चलते आगे भी रूट डायवर्जन किया जाएगा। पूरा प्रयास किया जाएगा, जिससे यहां जाम न लगे।