मोबाइल से पुलिस जानेगी हेमा और शाहिद के रिश्ते का सच
दौराला। हाईवे पर सड़क दुर्घटना में एक महिला समेत चार लोगों की मौत के मामले में स्कूटी सवार युवक और युवती के रिश्ते को लेकर पुलिस उलझी हुई है। दोनों में क्या रिश्ता था, इसे लेकर पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल खंगालेगी।
रूहासा गांव के सामने रविवार को कार और स्कूटी में हुई टक्कर में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में स्कूटी सवार विजयनगर गाजियाबाद निवासी शाहिद और कौशांबी गाजियाबाद निवासी हेमा को दंपती बताया जा रहा था। परंतु मृतक शाहिद की पत्नी मीना व उसका भाई साजिद हेमा को पहचानने से इनकार कर रहे हैं। दोनों के बीच क्या रिश्ता था, इसे लेकर पुलिस पूरी तरह उलझ गई है। पुलिस दोनों के मोबाइलों की कॉल डिटेल निकालकर उनमें क्या संबंध था, इसकी जानकारी जुटाने में लग गई है। पुलिस का मानना है कि कॉल डिटेल के आधार पर ही दोनों के संबंधों की सही जानकारी मिल सकती है। जल्द ही पुलिस कॉल डिटेल निकालकर मामले का खुलासा करेगी। वहीं, हादसे में घायल हुए दोनों युवकों की हालत में अब सुधार है। पुलिस दोनों से हादसे की जानकारी लेने में जुटी है।