मेरठ में एलएलबी के छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस उसकी प्रेमिका से पूछताछ करेगी। पुलिस पीड़ित परिवार से शिकायती पत्र लेकर कार्रवाई करने की तैयारी में है। पुलिस का कहना कि छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह तलाश की जा रही है। छात्र के पास पिस्टल कहां से आया, इसकी भी जांच होगी।
हापुड़ की पन्ना कॉलोनी निवासी एलएलबी के छात्र रोहित ने गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम के पास पीके होटल में मंगलवार रात पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी थी। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार ने कहा है कि रोहित का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती ने शादी करने से इनकार किया, जिससे वह डिप्रेशन में आ गया और उसने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद्र शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित परिवार के लोगों से संपर्क किया है। उसकी प्रेमिका से भी पूछताछ की जाएगी। हालांकि पीड़ित परिवार ने अभी तक लिखित में कोई शिकायत नहीं दी है। अगर कोई शिकायती पत्र देंगे तो कार्रवाई भी निश्चित तौर पर होगी। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन करेगी।