गांधीनगर में पुलिस ने रुकवाया अवैध निर्माण
सरधना। नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण व कब्जे किए जाने के मामले शुरू हो गए हैं। बृहस्पतिवार को सरकारी रास्ते पर निर्माण किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया। उधर, कालंद चुंगी पर सड़क व नाली के अवैध निर्माण पर पालिका ने रोक लगाई थी। लेकिन टीम को मौके पर निर्माण कार्य पूरा हुआ मिला। पालिका की टीम ने कब्जा धारक को तत्काल जेसीबी बुलाकर उसे हटवाने की बात कही। इस पर टीम नोटिस देकर लौट गई।
बृहस्पतिवार को मोहल्ला गांधीनगर में एक मकान मालिक ने बंद रास्ते की भूमि पर निर्माण करना शुरू किया। शिकायत एसडीएम से की गई, जिस पर पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाया। थानाध्यक्ष ने निर्माण करने वाले को चेतावनी दी कि जब तक एसडीएम द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जाता तब तक निर्माण शुरू नहीं किया जा सकेेगा।
वहीं, कालंद चुंगी के निकट तीन माह पूर्व नगर पालिका द्वारा नाली व सड़क की भूमि पर एक दुकानदार द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे को पूर्व ईओ अमिता वरुण द्वारा रुकवा दिया गया था। टीम ने बृहस्पतिवार को मौके पर जाकर देखा तो करीब पांच फीट सड़क की तरफ निर्माण कार्य हुआ मिला। पालिका की टीम ने कब्जा धारक को अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी। नजूल लिपिक मनोज कुमार का कहना है कि दुकानदार को नोटिस जारी कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
एसडीएम अमित कुमार भारतीय का कहना है कि मामला संज्ञान में है। अवैध कब्जा धारकों पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।