रोहटा। गांव जांजोखर में आयोजित जाहरवीर मेले के दौरान युवकों के बीच भैंसा बुग्गी दौड़ को लेकर हजारों रुपये की शर्त लग गई। सोमवार रात युवक भैंसा बुग्गियों के साथ गंगनहर पटरी पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही रोहटा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दौड़ को रुकवाया और पटरी पर जमा भीड़ को तितर-बितर किया।
यह दौड़ डूंगर गांव से भोला गांव तक लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में प्रस्तावित थी। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की अवैध और असुरक्षित गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार की दौड़ आयोजित की गई तो आयोजकों और प्रतिभागियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तत्परता से किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बना रहा।