दुकान पर सामान लेने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के फफूंडा गांव में मंगलवार रात फरमान व आरिफ पक्ष के बीच हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान सावेज, फरमान, सानू, अजीम, सज्जो, कल्लो, जाहिद, शुऐब, शहजाद व दानिश के रूप में हुई। पुलिस को आरोपियों के पास से 3 तमंचे, आठ खोखे व एक कारतूस मिले। पुलिस ने दोनों पक्षों की 9 बाइक सीज कर दी। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं समेत बलवे की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि फफूंडा गांव में में फरमान व आरिफ दोनों आसपास में रहते हैं। सोमवार सुबह दुकान पर दोनों गांव में ही एक दुकान पर सामान लेने गए थे। सामान लेने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया था। मंगलवार रात लगभग साढ़े नौ बजे दोबारा से दोनों युवक आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों ओर से मारपीट हो गई थी। शोर सुनकर दोनों पक्षों के लोग भी लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे थे। आरोपियों ने एक-दूसरे पर पथराव भी कर दिया था। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कई राउंड गोलियां चलाईं थीं। अचानक गोलियां चलने से गांव में दहशत फैल गई थी। ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों में घुस गए थे। इसी दौरान गोली लगने से शहाना और किशोरी बुशरा घायल हो गईं थीं। सीओ कोतवाली ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।