- देवलोक कॉलोनी और कोतवाली क्षेत्र में गोदाम से मिला पटाखों का जखीरा
- एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, नहीं था लाइसेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। दिवाली से पहले मेरठ में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टीपीनगर थाना क्षेत्र की देवलोक कॉलोनी और कोतवाली क्षेत्र में गोदाम पर छापा मारकर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद किए हैं। देवलोक कॉलोनी में एक ट्रक पटाखे मिले, जबकि गुदड़ी बाजार में भी उसके गोदाम पर भारी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था। पुलिस ने दोनों स्थानों से पटाखे जब्त कर लिए हैं। मामले में पुलिस ने कपिल बब्बर को गिरफ्तार किया है।
टीएस मूर्ति ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित देवलोक कॉलोनी निवासी कपिल बब्बर की कोतवाली के गुदड़ी बाजार में गिफ्ट सेंटर की दुकान है। मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि करीब एक ट्रक पटाखे देवलोक कॉलोनी में बने गोदाम में रखे हुए हैं। पुलिस ने 81 कॉर्टून में रखे पटाखों को कब्जे में लेकर सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं दूसरी ओर, कोतवाली पुलिस ने कपिल की गुदड़ी बाजार में दुकान के सामने बने उसके गोदाम पर छापा मारा। यहां रखे पटाखों को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी कपिल बब्बर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों जगह लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
दोनों स्थानों से बरामद पटाखों की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से लाइसेंस के बारे में जानकारी की। उन्होंने लाइसेंस होने से मना कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखे कहां से मंगाए गए थे और इन्हें किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस पटाखों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज की जांच कर रही है एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-आबादी के बीच भारी मात्रा में पटाखे हुए बरामद
आरोपी कपिल ने अपने मुनाफे के लिए सैकड़ों परिवार की जान को खतरा में डाल रखा था। आरोपियों ने गुदड़ी बाजार में घनी आबादी के बीच पटाखों को बिक्री के लिए रखा हुआ था। अगर पटाखों में आग लग जाती तो लोगों की जान खतरे में पड़ जाती। आरोपी के पास पटाखे बेचने का लाइसेंस भी नहीं था। साथ ही आग बुझाने के पर्याप्त साधन भी नहीं हैं।