मेरठ-बड़ौत मार्ग पर प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में हुई थी दो पक्षों में हुई कहासुनी, दो का शांति भंग में चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर शनिवार को युवक के अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस दौड़ी लेकिन जांच में मामला रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का निकला। दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दिए जाने पर पुलिस ने दो लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार गांव जैनपुर निवासी रोहित और कविनगर, गाजियाबाद निवासी विशाल के बीच काफी समय से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को दोनों पक्ष मेरठ-बड़ौत मार्ग पर जैनपुर के सामने स्थित एक प्रॉपर्टी कार्यालय पर पहुंचे थे। वहां रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज भी शुरू हो गई।
इसी दौरान विशाल के साथ आए एक व्यक्ति ने पुलिस की आपात सेवा 112 पर विशाल के अपहरण की सूचना दे दी। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। काफी देर तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि जांच में मामला रुपयों के लेनदेन का पाया गया है। अपहरण की सूचना फर्जी थी।