मेरठ। बंगलुरू पुलिस ने जागृति विहार सेक्टर चार से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में मंगलवार को दबिश दी। पुलिस ने मेडिकल थाना क्षेत्र से अमित मरिंडा गैंग के सदस्य जागृति विहार निवासी आशु यादव को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने व्यापारी के बेटे को अगवा करने की धमकी देकर रंगदारी मांगी थी।
विज्ञापन
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेडिकल थाने में बंगलुरू पुलिस ने आमद दर्ज कराई। इसके बाद मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर चार निवासी आशु यादव को हिरासत में लिया। आशु यादव वर्ष 2016 में प्रशांत चौधरी उर्फ रॉबिन हत्याकांड में जेल जा चुका है। उस समय अमित मरिंडा और टिल्लू पंडित भी उसके साथ थे। पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों पर हैदराबाद में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की सप्लाई का मुकदमा दर्ज है। बंगलुरू पुलिस टिल्लू पंडित की तलाश में छापेमारी कर रही है।