मेरठ। छीपी टैंक पर आरजी कॉलेज की दो छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस सड़क पर उतर आई। एएसपी कैंट धवल जायसवाल ने इंस्पेक्टर लालकुर्ती दिलीप शर्मा और थानाध्यक्ष सदर बाजार विजय गुप्ता को साथ लेकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने छात्राओं से बात कर उन्हें सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाया।
छीपी टैंक के निकट बुधवार को कंफेक्शनरी पर बर्थडे मना रहीं छात्राओं के साथ दूसरे वर्ग के दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी थी। आरजी कॉलेज की रेंजर्स टीम ने उनकी हरकत को जब मोबाइल कैमरे में कैद करने का प्रयास किया तो उनके साथ हाथापाई की गई। इसको लेकर हंगामा हुआ और भीड़ ने दोनों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस अफसरों ने घटना पर गंभीरता दिखाई। एएसपी कैंट धवल जायसवाल सदर बाजार और लालकुर्ती थाने की फोर्स के साथ आरजी कॉलेज पहुंचे और पैदल निरीक्षण किया। दुकानों में झुंड लगाकर बैठे युवकों को पुलिस ने फटकार लगाकर वहां से चलता किया। एक युवक कई बार टोकने के बाद भी वहां से नहीं हटा तो पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने और नंबर प्लेट पर स्पष्ट नंबर न लिखे होने के कारण उसकी स्कूटी का चालान कर दिया। पुलिस ने छात्राओं को जरूरत पड़ने पर तुरंत महिला हेल्पलाइन 1090 नंबर अथवा कंट्रोल रूम नंबर 112 डायल कर शिकायत करने की बात कही।
छात्राएं आवाज उठाएं, पुलिस साथ है
किसी भी दशा में छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसी स्थिति में छात्राएं आवाज उठाएं, पुलिस मदद करेगी। अभियान जारी रहेगा। - धवल जायसवाल, एएसपी कैंट