मारपीट कर कबाड़ी से नकदी लूटी, पुलिस ने टकराया
माछरा। अमरपुर-माछरा मार्ग पर तीन अज्ञात युवकों ने एक कबाड़ी के साथ मारपीट कर चार हजार रुपये छीन लिए। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को पुलिस चौकी ले आई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर एक हजार रुपये थमाते हुए पीड़ित को घर भेज दिया।
शाहजमाल थाना किठौर निवासीह आमिर पुत्र मुन्ना पटवारी कबाड़ी का काम करता है। रविवार को वह गांव अमरपुर से कबाड़ खरीदकर माछरा जा रहा था। बाइक सवार युवक पीछे से आए और उसके साथ मारपीट कर चार हजार रुपये लूट लिए। कुछ किसान मौके पर पहुंचे। उन्होंने माछरा चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस आमिर को माछरा चौकी पर ले आई। आमिर ने बताया कि पुलिस ने एक कागज पर कुछ लिखा तथा उस पर उसका अंगूठा लगवा लिया। उसे एक हजार रुपये देकर घर भेज दिया। उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई है। पुलिस का कहना है कि कोई लूटपाट नहीं हुई है। बाइक सवार युवकों ने उसे स्टार्टर चोरी के शक में रोका था।