मेरठ। बंगलूरू जेल में बंद कुख्यात बदमाश अमित मरिंडा के खिलाफ मेडिकल पुलिस ने कोर्ट से बी. वारंट तैयार करा लिया है। उसे दाखिल कराने के लिए टीम बंगलूरू के लिए मेडिकल थाने से एक टीम रवाना भी हो गई है।
बंगलूरू में अमित मरिंडा ने एक प्लाईवुड व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। इस मामले में अमित मरिंडा बंगलूरू जेल में बंद है। इसके बाद नौचंदी थाने में अमित मरिंडा और उसके साथियों के खिलाफ नौचंदी थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसकी जांच एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने मेडिकल पुलिस को ट्रांसफर कर दी थी। छात्र नेता विनीत चपराना ने भी धमकी, रंगदारी का मुकदमा मेडिकल थाने में अमित मरिंडा के खिलाफ कराया था। इसी बीच लिसाड़ी गेट के रहने वाले एक व्यापारी ने भी अवैध वसूली, रंगदारी और धमकी देने का मुकदमा लिसाड़ी गेट थाने में अमित मरिंडा के खिलाफ कराया था। इन सभी मुकदमों में अमित मरिंडा शामिल होने के चलते मेडिकल पुलिस ने उसका बी. वारंट कोर्ट से तैयार कराया गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वहां से उसकी जमानत होने के बाद वह छूट न जाए, इसलिए इन सब मुकदमों में अमित मरिंडा का बी. वारंट बनवाकर दाखिल कराने के लिए टीम गई है।