मवाना। पुलिस ने सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे मुख्य मार्ग स्थित दुकानें बंद करा दीं। हालांकि अंदर बाजार में दुकानें खुली रहीं। इस कार्रवाई से व्यापारियों में रोष है।
उल्लेखनीय है कि नगर में बाजार लेफ्ट राइट के हिसाब से खुल रहा है। सोमवार को राइट साइड का बाजार खुला। यहां काफी भीड़ रही तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं हुआ। जिससे मुख्य मार्ग से लेकर अंदर बाजार तक जाम के हालात रहे।
वहीं, व्यापारियों का आरोप है कि अपराह्न करीब तीन बजे पुलिस ने आज बाजार बंद करा दिया। हालांकि अंदर बाजार में कई व्यापारियों की दुकानें देर शाम तक खुली रहीं, जिनकी ओर पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। यहां तक सड़क किनारे लगने वाली ठेलियां भी शाम तक लगी रहीं। व्यापारियों का कहना है कि इस मामले की अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष शैवाल दुबलिश ने बाजार खुलने में आ रही परेशानियों की शिकायत करेंगे। वहीं, थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि पुलिस ने बाजार बंद नहीं कराया है। व्यापारियों से स्वयं ही लिखकर दिया है कि बाजार 9 सुबह से अपराह्न 3 बजे तक खोलेंगे। उसी के तहत व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया।