जिले के तमाम पासपोर्ट को खंगालने में जुटीं पुलिस
बिजनौर। बिजनौर के युवक के पासपोर्ट पर विदेश में एक रोहिंग्या के घूमते मिलने के बाद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने जिले के सभी पासपोर्ट का रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को शक है कि कई और लोग भी ऐसे पासपोर्ट का गलत इस्तेमाल कर रहे होंगे।
सऊदी अरब में नौकरी करने जाने के लिए तमाम युवकों के पासपोर्ट बनवाए जाते हैं पर काफी युवक नौकरी करने नहीं जा पाते हैं। भारतीय दूतावास से जानकारी मिली है कि सऊदी अरब में एक रोहिंग्या पकड़ा गया है, जिसका पासपोर्ट बिजनौर के एक युवक के नाम पर है और वह उस पर म्यांमार जाने का प्रयास कर रहा था। विदेश मंत्रालय से मिली सूचना के बाद बिजनौर पुलिस ने शहर कोतवाली के गांव बक्शीवाला निवासी नाजिम व चाहशीरी निवासी सुहैल को धोखाधड़ी व पासपोर्ट अधिनियम मेें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नाजिम ने पुलिस को बताया कि उसने 2011 में सऊदी अरब में मजदूरी करने जाने के लिए पासपोर्ट बनाया था। 2016 में उसने वीजा प्राप्त करने के लिए दिल्ली में साक्षात्कार दिया। उसमे वह फेल हो गया। अपना पासपोर्ट सुहैल को दे दिया। इसके बाद उसे नहीं मालूम कि उसका पासपोर्ट कहां गया। नाजिम के परिजनों के मुताबिक वह पढ़ा लिखा नहीं है। पुलिस के मुताबिक रोहिंग्या ने नाजिम के पासपोर्ट से अब तक कई देशों की यात्रा की है। पुलिस नाजिम की बात पर भरोसा नहीं कर रही है कि उसका पासपोर्ट खोया गया है। नाजिम व सुहैल के पकड़े जाने के बाद जिले की पुलिस व सुरक्षा एजेंसी बाकी पासपोर्ट को खंगालने में जुट गई हैं। एसपी देहात संजय कुमार खुद तमाम पासपोर्ट जांच पड़ताल करने में जुटे हैं। उन्हें शक है कि दो तीन और मामले इस तरह के जिले में हो सकते हैं। एसपी देहात संजय कुमार के मुताबिक तमाम पासपोर्ट की गहनता से जांच की जा रही है। नाजिम व सुहैल का पुलिस पहले ही चालान कर चुकी है। जिले के तमाम पासपोर्ट को खंगाला जा रहा है।