सरधना(मेरठ)। मोम्मन फरीदपुर में कश्यप समाज के बाइक सवार रिश्तेदार दंपती के साथ मारपीट व लूटपाट की घटना के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है। यह बात रविवार को मोहल्ला पीरजादगान स्थित सपा नगर अध्यक्ष सलीम अंसारी के आवास पर सपा नेता अतुल प्रधान ने प्रेसवार्ता में की।
सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि सत्ता के दबाव में किसी को न्याय नहीं दिला सकती। इससे पूर्व भी नगर व देहात क्षेत्र में कई ऐसे प्रकरण उनके सामने आए हैं, जिसमें पीड़ित को स्थानीय पुलिस से न्याय नहीं मिला। अक्खेपुर में भी इसी तरह की घटना हुई थी। एक युवक अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी थी। उनके हस्तक्षेप के बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकी। मोम्मन फरीदपुर में कश्यप समाज के लोगों के साथ हुई घटना में भी देर रात उनकी एसएसपी से बात हुई, तब जाकर रिपोर्ट दर्ज हो सकी। वहीं कार्रवाई को लेकर कार्यवाहक थानाध्यक्ष अमित जावला से भी उनकी जमकर बहस हुई थी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष केवल पीड़ित पक्ष पर फैसला करने के लिए ही बात कर रहे थे। अतुल प्रधान ने बताया कि रविवार को भी कश्यप समाज के पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। इस दौरान सलीम अंसारी, चेयरपर्सन पुत्र शाहवेज अंसारी, सतपाल कश्यप आदि मौजूद रहे। वहीं कश्यप समाज के लोगों को खाद्य सामग्री वितरित की।