किठौर। पुलिस ने रामलीला मंचन और रविवार को शुरू हो रहे दुर्गा नवरात्र को लेकर कस्बा व शाहजहांपुर में सड़क किनारे मीट की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने दुकानों से सामान जब्त कर लिया। इस दौरान एक युवक पुलिस कार्रवाई की वीडियो बनाने लगा। जिस पर युवक को पुलिस हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया की किठौर के मुख्य बाजार में श्री राम लीला का मंचन चल रहा है। वहीं, रविवार को दुर्गा नवरात्र शुरू हो रहे है। बुधवार को किठौर व शाहजहांपुर में अतिक्रमण अभियान के साथ मुख्य रोड पर मीट की दुकान तथा अवैध रूप से मीट की दुकान लगाने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। कार्रवाई करते हुए कई दुकानों का सामान जब्त कर लिया है। वहीं कई दुकानदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। इस दौरान मोबाइल से पुलिस कार्रवाई की वीडियो बना रहा युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
शाम होते ही मीट की दुकानों से सज जाता था बाजार
ग्रामीणों के मुताबिक मेरठ गढ़ मार्ग पर किठौर में फौव्वारा चौक, शाहजहांपुर में तालाब किनारे शाम होते ही मीट बेचने वाले कई दर्जन ठेेले लग जाते है। जिससे मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। इस मामले की कई बार शिकायत की जा चुकी है। शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने बताया की इस मामले में दोनो कस्बों के चेयरमैन से वार्ता कर मैन रोड से अलग किसी अन्य स्थान पर मीट की दुकानों को लगवाने की बात कही गई है।