संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी के नाम पर कूलर तैयार कर बाजार में बेचने वाले एक आरोपी इमलियान निवासी मोहम्मद याकूब को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कंपनी की फर्जी प्लेट लगे 14 कूलर बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि एक कंपनी के फील्ड ऑफिसर आजाद खान ने मंगलवार को थाने पर आरोपी मोहम्मद याकूब के खिलाफ कंपनी की प्लेट लगाकर कूलर तैयार कर बेचने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। बुधवार को पुलिस ने कंपनी के अधिकारी के साथ दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कंपनी की फर्जी प्लेट लगे 14 कूलर बरामद हुए। सीओ सिविल लाइन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।