लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में यूपीएससी की परीक्षा में अभ्यर्थी विकास कुमार सैनी पुत्र प्रकाश सिंह सैनी के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए मुन्नाभाई बिहार में पटना के गांव मीठापुर निवासी प्रवीण कुमार को इसके लिए पैसा देकर लाया गया था। सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में इसके लिए 15 हजार रुपये का भुगतान बिजनौर के एक व्यक्ति से लिए जाने का खुलासा करते हुए उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपदों की जानकारी नहीं है, जिसके चलते बिजनौर से उसे एक गाड़ी में लाकर परीक्षा केंद्र पर छोड़ा गया था। परीक्षा देने के बाद उसे एक गाड़ी ही यहां से लेकर जाने वाली थी। आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर की जा रही प्रथम दृष्टया जांच में माना जा रहा है कि यूपी में रुपये लेकर नौकरी दिलाने वाला कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो मूल परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा उत्तीर्ण कराने के लिए किराये के परीक्षार्थियों का इस्तेमाल करता है। अब पुलिस मुन्नाभाई द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर बिजनौर के उस आरोपी की तलाश कर रही है, जिसने उसे 15 हजार रुपये में परीक्षा देने के लिए तय किया था।
यूपीएससी की परीक्षा देते पकड़ा गए मुन्नाभाई बिहार के पटना के गांव मीठापुर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह के खिलाफ केंद्र पर्यवेक्षक व प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेजते हुए इस संबंध में आला अफसरों को भी अवगत करा दिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/