मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के भूड़बराल गांव स्थित एक आम के बाग में चोर देखे जाने की सूचना पर पुलिस दौड़ पड़ी। बताया गया कि चोर आम के बाग में बैठकर शराब पी रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश में सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मोहिउद्दीनपुर निवासी चौधरी चांद सिंह का भूडबराल में दिल्ली रोड़ पर आम का बाग है। बाग को भूड़बराल निवासी त्रिलोकचंद ने ठेके पर लिया हुआ है। बुधवार शाम त्रिलोकचंद फसल देखने आम के बाग में पहुंचे थे। त्रिलोक चंद ने बताया कि चार युवक टयूबवेल के पास शराब पी रहे थे। युवकों को देखकर वह वापस आ गए और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना पर भूड़बराल के दर्जनों लोग हाथ में लाडी डंडे लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना और परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवकों की तलाश में कांबिंग की। काफी तलाश के बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि चोरों की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन वहां काेई नहीं मिला। संवाद