बागपत में जिला पुलिस के डिजिटल वालंटियर ग्रुप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर मजाक उड़ाया गया। फिर फोटो एडिट कर डाली। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रुप से कोतवाली प्रभारी लेफ्ट हो गए। एएसपी के निर्देश पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने आपराधिक घटनाओं एवं सोशल मीडिया पर अफवाह को रोकने के लिए व्हाट्सएप पर डिजिटल वालंटियर ग्रुप संचालित कराया। जिले में ढाई हजार लोगों को ग्रुप से जोड़ा गया। सभी थानों में अलग-अलग ग्रुप बनाए, लेकिन पुलिस का वालंटियर ग्रुप मजाक बन कर रह गया।
लोग जरूरी जानकारी साझा करने के बजाय ग्रुप में गुड़ मोर्निंग, गुड नाइट के मैसेज पोस्ट करने लगे। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर मजाक उड़ाया गया। पोस्ट डालते ही बागपत कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ग्रुप से बाहर हो गए।
ग्रुप में प्रधानमंत्री की आपत्तिजनक फोटो डाले जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एएसपी राजेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेकर कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने बाघू गांव निवासी परवेज के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एएसपी ने बताया कि पुलिस के वालंटियर ग्रुप में प्रधानमंत्री की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने वाले आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
एसपी से लेकर दरोगा तक है ग्रुप एडमिन
एसपी का डिजिटल वालंटियर ग्रुप पीएस बागपत बीपीटी के नाम से हैं। ग्रुप के एडमिन एसपी शैलेश कुमार पांडेय, सीओ बागपत दिलीप सिंह, एसआई शिव शंकर, एसआई नरेश सिंह हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/