सात लाख वर्ग फीट का है जनसभा स्थल
मोहिउद्दीनपुर में पीएम की जनसभा का स्थल सात लाख वर्ग फीट क्षेत्र में है। इनमें से चार हजार वर्ग फीट क्षेत्र में जर्मन हैंगर और साधारण टेंट लगाए गए हैं। इसमें एक लाख कुर्सियां लगाई जा रही हैं। मोदी के मंच के ठीक सामने एसपीजी का सुरक्षा घेरा होगा। इनके बाद प्रेस गैलरी और इनके साथ मोदी के सामने ही एनसीआरटीसी, सरकारी अधिकारी और भाजपा के लोग होंगे।
मुख्य पंडाल के बराबर में दोनों तरफ लगाए गए विशाल जर्मन हैंगरों में आम जनता के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। मंच और पंडाल लगाने का लगभग 85 प्रतिशत काम पूरा हो गया। बताया गया है कि पंडाल और मंच को अंतिम रूप पीएम के सुरक्षा कर्मी एसपीजी के निर्देशन में ही दिया जाएगा।
वीआईपी और आम लोगों की अलग-अलग होगी एंट्री
मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल पर पहुंचने के लिए तीन एंट्री मार्ग बनाए जा रहे हैं। मंच के पास निकलने वाले मार्ग हेलिपैड को जोड़ेंगे, वहीं दिल्ली रोड से छज्जुपुर जाने वाला मार्ग भी मंच के पास ही निकलेगा। मंच के पीछे से गुजरने वाले मार्ग से केवल वीआईपी यानी मंच पर बैठने वाले ही गुजर सकेंगे। आम जनता को जनसभा स्थल पर पहुंचने के लिए गेझा मार्ग दिया जाएगा। इसी मार्ग पर सभा स्थल के पास ही वाहन पार्किंग होगी।