सुगम आवागमन के लिए बनाई जा रही भव्य गैलरी
प्रशासन ने जनसभा स्थल तक पहुंचने के लिए व्यापक रूट प्लान तैयार किया है। दिल्ली रोड से छज्जुपुर जाने वाले मार्ग पर नाले की पुलिया के पास एक सुंदर गैलरी बनाई जा रही है।गेझा रोड और दिल्ली रोड के दूसरे संपर्क मार्गों से भी जनता को सभा स्थल तक लाने की व्यवस्था है। पीएम के आगमन के चलते पीडब्ल्यूडी और एनसीआरटीसी ने दिल्ली रोड को गड्ढा मुक्त करने और जर्जर बिजली तारों को बदलने का काम तेज कर दिया है।
मोहिउद्दीनपुर और मोहकमपुर में हेलिपैड तैयार
रविवार शाम जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, नगरायुक्त सौरभ गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभा स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि जर्मन हैंगर का काम लगभग 90% (अंतिम चरण) तक पहुंच गया है। सभा स्थल पर 5 और शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास मोहकमपुर फेज-2 में 5 हेलिपैड बनाए जा रहे हैं। डीएम ने धूल कम करने के लिए पानी के छिड़काव और पार्किंग व्यवस्था को समय से दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।