मेरठ। कैलाश प्रकाश स्टेडियम खोलने को लेकर जिला प्रशासन ने सशर्त अनुमति दे दी है। हालांकि स्टेडियम में कोचों की नियुक्ति नहीं हुई है। इससे खिलाड़ियों को खुद ही अभ्यास करना पड़ रहा है।
खेल विभाग द्वारा नए सत्र में अंशकालिक कोचों का नवीनीकरण नहीं हो पाया है। हालांकि प्रशासन द्वारा स्टेडियम खोलने की अनुमति दे दी गई है। स्टेडियम में फिलहाल तीन खेलों को खेलने की अनुमति है। जिनमें इनडोर खेलों को छोड़कर शूटिंग, तीरंदाजी, एयर एथलेटिक खेल शामिल हैं। शूटिंग एवं तीरंदाजी में 25-25 तथा एथलेटिक में 40 खिलाड़ियों को स्टेडियम आने की अनुमति है। तीनों खेलों के खिलाड़ी स्टेडियम में आने लगे हैं। हालांकि इन खेलों के कोच नहीं हैं। इसके अतिरिक्त बॉक्सिंग, जुड़ो, वुशू, क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल के कोच भी नियुक्त नहीं हुए हैं। खिलाड़ियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बिना कोच के अभ्यास करना पड़ रहा है। हालांकि 400 मीटर ट्रैक अभी शुरू नहीं किया गया। खिलाड़ियों को बिना कोच असुविधाओं से जूझना पड़ रहा है। कोरोना काल में स्टेडियम प्रशासन ने मैदान में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को ही प्रवेश की अनुमति दी है। इससे राज्य, मंडलीय, जिला स्तरीय खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेल अधिकारियों ने बताया कि 10 जुलाई तक राज्य एवं मंडल स्तर के खिलाड़ियों को अनुमति देंगे।
वर्जन
अंशकालिक प्रशिक्षकों का अनुबंध खेल विभाग द्वारा होना है। जल्दी ही अभ्यास के लिए खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने पर विचार है। अभी प्रशिक्षकों की नियुक्ति का इंतजार है।-आले हैदर, क्षेत्रीय क्रीड़ा मेरठ मंडल