- सीसीएसयू में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला भी खिलाड़ियों संग मैदान में उतरीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव के तहत साहित्य संस्कृति परिषद और शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से पुरुष एवं महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दोनों ही वर्गों में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने टॉस उछालकर किया।
मैच के दौरान कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला स्वयं खिलाड़ियों के बीच मैदान में उतरीं और कबड्डी खेलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कुलपति को अपने साथ खेलते देख खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन का अनूठा अनुभव बताया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की दो-दो टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास होता है जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं।उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत की समृद्ध खेल परंपरा का गौरवशाली हिस्सा है। यह खेल साहस, रणनीति, त्वरित निर्णय क्षमता और सामूहिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
ये रहीं विजेता टीमें
पुरुष वर्ग विजेता : आदित्य वर्मा, हर्षित कुमार, नक्षत्र, तनीश बेगमल, विशाल चौधरी, वर्षित, अभय चौधरी, विश्वा तलियान एवं आर्यन।
पुरुष वर्ग उपविजेता : कृष, कुलदीप, तनिष्क, हर्ष, प्रशांत पाल, तनीष एवं हर्षित।
महिला वर्ग विजेता : निक्की, स्नेहा, अंकिता, निधि, रूचि, खुशबू ढाका एवं तेजल पालीवाल।
महिला वर्ग उपविजेता : अनुप्रिया, प्राची, अंचल, शीतल, नेहा, अनिष्का, तन्नु, आयुषि एवं आयुषी त्यागी।