दौराला(मेरठ)। दौराला स्थित एक कॉलोनी के मकान में फंदे पर लटकी मिली महिला वेटलिफ्टर के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस आत्महत्या मान रही है। सोमवार को पुलिस ने मोर्चरी पहुंचकर खिलाड़ी की फिंगर प्रिंट से उसका मोबाइल अनलॉक किया। पुलिस के मुताबिक कॉल डिटेल व डाटा से मामला स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, परिजनों के पहुंचने पर ही शव का पोस्टमार्टम हो सका। हालांकि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
जानकारी हो कि मूलरूप सेे रामनगर के थाना किशनपुरी निवासी 18 वर्षीय पूजा पुत्री भगवानदास राज्यस्तर की वेटलिफ्टर खिलाड़ी थी। वह जिला बुलंदशहर के गुलावठी निवासी सतपाल यादव के पास बचपन से रहती थी। वह उन्हें चाचा कहती थी। पूजा। रविवार सुबह उसका शव दौराला स्थित एक कॉलोनी में उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला था। चाचा सतपाल यादव के मुताबिक वह जिम चलाती थी और खुद की प्रेक्टिस भी कर रही थी। सोमवार को सूचना पर पूजा के परिजन मेरठ पहुंचे और उन्होंने राहुल नाम के युवक पर पूजा की हत्या का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस ने पूजा द्वारा आत्महत्या करना बताया। पुलिस ने मोर्चरी जाकर पूजा के फिंगर प्रिंट से उसका मोबाइल अनलॉक किया। पुलिस के मुताबिक मोबाइल में ही पूजा की आत्महत्या का राज छिपा है। वहीं, परिजनों के पहुंचने पर ही सोमवार को पूजा के शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल को खंगालने में जुटी है। वहीं, मोबाइल डाटा से भी पूरा मामला स्पष्ट हो सकता है। दौराला थाना प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि मोबाइल से ही पूजा की आत्महत्या करने की वजह पता लग सकती है। पुलिस कॉल डिटेल की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट होगा।