इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी से किए वायरल, आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के एक मोहल्ले में रहने वाली मेडिकल की छात्रा और उसके परिजनों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात युवक ने छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके और उसके भाई के फोटो गलत तरीके से एडिट कर मोहल्ले के एक व्यक्ति को भेज दिए। आरोपी ने छात्रा की वास्तविक आईडी पर भी आपत्तिजनक संदेश भेजते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि वह मेडिकल की पढ़ाई कर रही है और उसका इंस्टाग्राम पर अकाउंट बना हुआ है। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसी नाम से एक फर्जी अकाउंट तैयार किया और उस पर गलत तरीके से एडिट की गई तस्वीरें भेजना शुरू कर दिया। आरोपी ने छात्रा के मोबाइल पर भी एडिट की गई तस्वीरें भेजकर उसे मानसिक रूप से परेशान किया।
छात्रा ने कहा कि इस घटना के कारण उसकी और उसके परिवार की समाज में काफी बदनामी हुई है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।