बेटे की शादी के लिए किया था बुक, आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कंकरखेड़ा के सुंदर नगर निवासी सेना के सूबेदार सतपाल सिंह ने शादी में फोटोग्राफी करने वाले फोटोग्राफर जागृति विहार निवासी आदित्य पर 40 हजार रुपये लेने के बाद भी फोटो एलबम, फ्रेम और वीडियो नहीं देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर रुपये वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। मेडिकल पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अंबेडकर नगर रोड स्थित सुंदर नगर की गली नंबर पांच निवासी सतपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को मेडिकल थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह पांच असम राइफल्स में सूबेदार के पद पर तैनात हैं। उनकी तैनाती मणिपुर में म्यांमार सीमा पर है। उन्होंने 11 मार्च 2026 को अपने बेटे संजू की शादी के लिए जागृति विहार सेक्टर-दो निवासी फोटोग्राफर आदित्य को वीडियो, फोटो फ्रेम और एलबम बनाने का काम 40 हजार रुपये में दिया था। सूबेदार ने शादी के दौरान ही पूरी रकम का भुगतान करने की बात कही।
आरोप है कि शादी के दो महीने बाद भी फोटोग्राफर ने फोटो फ्रेम, एलबम और वीडियो नहीं दिए। कई बार फोन करने और कहने के बावजूद वह लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित ने 21 सितंबर को मेडिकल थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद एक अक्तूबर तक का समय दिया गया। दो अक्तूबर को दोबारा शिकायत देने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
आरोप है कि पुलिस के फोन करने पर फोटोग्राफर ने फिर एक सप्ताह का समय मांगा था। पीड़ित ने पैसे वापस करने के लिए कहा। आरोप है कि आरोपी ने अभद्रता की। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।