लावड़। कस्बे में कोविड-19 का पहला मामला प्रकाश में आने के बाद इलाके को हॉट स्पॉट घोषित कर सील कर दिया था। संक्रमण कस्बे में अपनी जड़ न जमाएं इसके लिए प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग कराई गई। सोमवार को अमर उजाला ने इलाके का जायजा लिया तो सील किए गए इलाके में रहने वाले लोग इधर-उधर घूमते नजर आए। दो दिन बीत जाने के बाद भी सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिसकर्मी की यहां तैनाती नहीं की गई।
लावड़ कस्बे के सैनीनगर निवासी एक व्यक्ति कोविड-19 की लैब में स्वीपर है। उसकी तबीयत खराब होने पर शुक्रवार को सैंपल जांच के लिए भेजा था। उसकी शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उक्त व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं, परिजनों को क्वारंटीन किया। कस्बे में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला है। कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिलने पर जिला प्रशासन ने लावड़ को हॉट स्पॉट घोषित कर नगर पंचायत को उक्त व्यक्ति के घर के आसपास 250 मीटर इलाके को सील करने के निर्देश दिए थे। जिस पर नगर पंचायत ने बेरिकेडिंग कर सील कर दिया। हालांकि दो दिन बीत जाने के बाद भी यहां सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की गई। इससे सील किए गए इलाके में रहने वाले लोग दिनभर इधर-उधर घूम रहे है। जिस कारण कस्बे में संक्रमण फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। सोमवार को अमर उजाला ने सील किए गए इलाके में पहुंचकर जायजा लिया। यहां लोग बेरोकटोक घूमते नजर आए। यह इलाका लावड़-मसूरी मार्ग पर पड़ता है और दिनभर यहां से सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। इसके अतिरिक्त प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद कस्बे का बाजार सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक खोला जा रहा है। सील किए गए इलाके लोग भी बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। जिस कारण लोगों में दहशत का है। प्रशासन की यह लापरवाही कस्बे में कोरोना वायरस के संक्रमण को बढ़ावा दे सकती है।
वर्जन
मामला गंभीर है। सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिसकर्मी क्यों नहीं पहुंचे और यहां किसकी ड्यूटी लगी है इसको लेकर जानकारी की जाएगी।-अमित कुमार भारतीय, एसडीएम सरधना