संत रविदास की प्रतिमा हटाने पर लोगों का हंगामा
लावड़। बिसौला गांव में बृहस्पतिवार देर रात संत रविदास के निर्माणाधीन मंदिर का चबूतरा तोड़कर प्रतिमा ले जाने पर लोगों में रोष है। आरोप है कि चकबंदी विभाग किसान की जमीन को जल निगम की बता रहा है। लोगों ने शुक्रवार सुबह हंगामा भी किया।
गांव निवासी किरनपाल और किरनदास पुत्र राय सिंह ने बताया कि खसरा संख्या 660 पर उसकी 28 बीघा जमीन है। वह सालों से इस जमीन पर बुवाई कर रहा है। उसने सवा बीघा जमीन रविदास मंदिर के लिए दान दी थी। उस पर समाज के लोग मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। किसान ने बताया कि गांव में चकबंदी चल रही है। चकबंदी विभाग ने किसी ग्रामीण से मिलीभगत कर उसकी जमीन का खसरा संख्या बदलकर 604 कर दिया। अब इस जमीन को जल निगम का बताया जा रहा है।
आरोप है कि चकबंदी विभाग ने इस मामले में थाना इंचौली पर शिकायत की। रात में चकबंदी अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। निर्माणाधीन मंदिर का चबूतरा तोड़कर प्रतिमा ले गए। वहां, मौजूद चौकीदार को धमकाया और उसका मोबाइल छीन लिया। जानकारी होने पर शुक्रवार को लोगों ने हंगामा किया। सपा नेता अतुल प्रधान मौके पर पहुंचे और मंदिर बनवाने का आश्वासन दिया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जमीन हड़पने का प्रयास किया तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि चकबंदी विभाग की शिकायत के आधार पर कब्जा हटवाने पहुंचे थे।
दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़, आरोपी पकड़ा
दौराला। रुहासा गांव में बृहस्पतिवार रात एक युवक ने दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गांव निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने गांव स्थित दुर्गा मंदिर की मूर्तियों को खंडित कर दिया। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामले में जयवीर ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। रात में ही पुलिस ने गांव में दबिश देकर विजय उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को दूसरी मूर्तियां लगवाने का आश्वासन दिया।