पुलिस और आबकारी टीम ने तीन भट्ठियां व चार हजार लीटर लहन नष्ट किया
हस्तिनापुर। शुक्रवार को थाना पुलिस ने अवैध शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खादर क्षेत्र में बूढ़ी गंगा किनारे चल रही दो भट्ठी और 1500 लीटर लहन नष्ट किया। वहीं, आबकारी विभाग की टीम ने लतीफपुर व किशनपुर में एक भट्ठी व 25 सौ लीटर लहन नष्ट किया।
खादर क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब को पूर्ण रूप से बंद कराने के उद्देश्य से थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खादर क्षेत्र के गांव रठौरा खुर्द में बूढ़ी गंगा किनारे जंगल में चल रही अवैध शराब की दो भट्ठियों को नष्ट कर दिया। भट्ठियों के नजदीक ही कच्ची शराब तैयार करने के लिए लगभग 15 सौ लीटर लहन नष्ट किया। जिसे थाना पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। थाना पुलिस के अनुसार खादर क्षेत्र में चल रहे कच्ची शराब के कारोबार को पूर्ण रूप से बंद कराने के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
वहीं, आबकारी निरीक्षक ज्योति अग्रवाल के नेतृत्व में टीम को क्षेत्र के गांव लतीफपुर के जंगल में जमीन खोदकर बनाए गए छह गड्ढों में लगभग एक हजार लीटर लहन तैयार मिला। उसके बाद आबकारी की टीम ने गांव किशनपुर में छापामारी की। गांव के समीप जंगल में एक भट्ठी और आठ गड्ढों में लगभग 15 सौ लीटर लहन बरामद हुआ। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों ही स्थानों पर रखा लगभग 25 सौ लीटर लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं शराब बनाने के उपकरण में दो जरी कैन जब्त की गई हैं। इन मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
खादर में फल फूल रहा अवैध कारोबार
आबकारी विभाग और थाना पुलिस के लगातार छापामारी के बाद भी खादर क्षेत्र में शराब माफिया सक्रिय हैं। आबकारी और पुलिस के सभी प्रयास विफल हो रहे हैं। अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोगों को रोकना पुलिस और आबकारी के लिए चुनौती बन गया है। लगातार छापामारी के बाद भी खादर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भट्ठियां और लहन मिल रहा है।