उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार को ईद के मौके पर जहां लाॅकडाउन के पूर्णतः पालन को लेकर पुलिस बल अलर्ट रहा, वहीं जिले के खतौली में कुछ लोगों के सामूहिक रूप से मस्जिद में नमाज अदा करने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर लोगों को नसीहत देकर बाहर निकाला। पुलिस जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
मुजफ्फरनगर में ईद-उल-फितर पर लॉकडाउन के चलते घरों में ही नमाज पढ़ने की अपील को खारिज करते हुए खतौली के कुछ लोगों ने मस्जिद काजियान में सामूहिक रूप से नमाज पढ़ी। नमाज के दौरान ही सूचना मिलने पर सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने छापा मारते हुए नमाज पढ़ रहे लोगों को नसीहत देकर बाहर निकाला। पुलिस नमाज पढ़ने वाले और मस्जिद के जिम्मेदार लोगों खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
उधर, शहर समेत जिले की सभी ईदगाह पर पुलिस का पहरा रहा। ईदगाह में ईद की नमाज नहीं पढ़ी गई। लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की। ईद पर बाजार सुनसान हैं। डीएम और एसएसपी ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।