मेरठ। मोहिउद्दीनपुर नई बस्ती के लोगों ने पसवाड़ा पेपर मिल पर श्मशान की भूमि व एलएमसी की 17 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। लोगों ने कॉलोनी से पलायन करने की चेतावनी दी है।
मोहिउद्दीनपुर नई बस्ती निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि कॉलोनी के बराबर में एलएमसी की 17 बीघा जमीन है। पास में ही गांव का श्मशान घाट है। पसवाडा पेपर मिल से निकली राख को कई वर्षों से यहां डाला जा रहा है। मिल मालिक ने यहां राख डालकर एलएमसी की जमीन और श्मशान की भूमि पर कब्जा कर लिया। राजवीर सिंह ने बताया कि 21 मई को किसान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। इस दौरान संजीव शर्मा, सुधा देवी, तरूण उपध्याय, शकुंतला देवी, केशव, सोनू कुमार, अंकुर दाहिया, भोलू और पप्पू आदि मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान कायस्थ गांवडी मनोज शर्मा ने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नही है कई वर्षों से यहां मिल से निकली राख को डाला जा रहा है लोगों की शिकायत पर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई थी वह इस मामले को लेकर ग्रामीणों के साथ है। वहीं मिल के जूनियर मैनेजर राजकुमार को फोन किया गया था, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।