- नाराज लोगों ने पालिका के खिलाफ विरोध जताया
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। देवीगंज मोहल्ले में जलभराव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। बिना बारिश के ही गलियां और सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। करीब एक महीने से दूषित पानी की निकासी बाधित होने के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। परेशान मोहल्लेवासियों ने शुक्रवार को विरोध करते हुए नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। जलभराव के चलते दुकानों पर ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। गंदे पानी के जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मोहल्लेवासियों के अनुसार कालंद रोड पर नाले के निर्माण कार्य के कारण पुराने नाले की निकासी व्यवस्था बाधित हो गई है। इससे दूषित पानी का बहाव रुक गया और गलियों व सड़कों पर जलभराव हो गया है। स्थिति यह है कि गंदा पानी घरों तक पहुंचने लगा है। स्थानीय निवासी मोहित अग्रवाल, प्रदीप कुमार मित्तल, नवनीत मित्तल, भारत अग्रवाल, विजेंद्र सक्सेना, मुकेश कुमार, मोहम्मद अशरफ और दीपक कुमार ने समस्या के जल्द समाधान की मांग की।
चेयरपर्सन सबीला बेगम का कहना है कि नाला निर्माण के कारण जलभराव की समस्या के समाधान के लिए टैंकरों के माध्यम से गंदा पानी बाहर निकाला जा रहा है। जल्द नाले का निर्माण पूरा कराने के लिए तेजी से कार्य कराया जाएगा।