दौराला - हिंद मजदूर किसान समिति ने कराया अंतरजातीय विवाह। स्रोत : स्वयं
दौराला। बुद्ध पूर्णिमा पर हिंद मजदूर किसान समिति के तत्वावधान में एक दहेज रहित एवं अंतरजातीय विवाह संपन्न हुआ, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। विवाह राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांति गुरु चंद्रमोहन की प्रेरणा और दोनों पक्षों के माता-पिता की सहमति से संपन्न कराया गया।
समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि वर ओबीसी वर्ग और वधू एससी वर्ग समाज से है। विवाह की सभी रस्में पुरोहितों द्वारा विधिविधान से संपन्न कराई गईं। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला अवसर नहीं है, बल्कि चंद्रमोहन की प्रेरणा से ऐसे कई दहेज रहित और अंतरजातीय विवाह पहले भी कराए जा चुके हैं।
बताया कि बीते 12 अप्रैल को भी चंद्रमोहन के नेतृत्व में हजारों दलितों को जनेऊ धारण कराया गया था। साथ ही समाज में एकता, समानता और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि समिति पिछले कई वर्षों से दहेज प्रथा और जातिगत भेदभाव के खिलाफ अभियान चला रही है। दलित को पुरोहित बनाकर विवाह व अन्य धार्मिक संस्कार संपन्न कराए जा रहे हैं। इस दौरान विकास कुमार, बबली, अशोक, ईश्वर, आदेश, योगेंद्र और अमित आदि मौजूद रहे।